अमेरिका में ‘RSS Friends’ की एंट्री, विदेशी एजेंट के तौर पर कराया रजिस्ट्रेशन

वॉशिंगटन। अमेरिका में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से RSS फ्रेंड्स नाम के एक नए संगठन ने अमेरिकी न्याय विभाग (DoJ) के पास रजिस्ट्रेशन कराया है। इस समूह ने खुद को ‘विदेशी एजेंट’ के तौर पर रजिस्टर कराया है और कहा है कि यह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का प्रतिनिधित्व करता है। समचार एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार, RSS फ्रेंड्स ने 27 अगस्त को अमेरिका में रजिस्ट्रेशन कराया था। यह उन दावों के एकदम उलट है, जिसमें RSS का कहना है कि वह अमेरिका में कोई लॉबिंग नहीं करता है। RSS का शुभचिंतक बताते वाले इस समूह ने अमेरिकी न्याय विभाग में रजिस्ट्रेशन के लिए जॉर्जिया का एक पता दिया है। इसने नई दिल्ली में स्थित RSS के हेडक्वॉर्टर केशव कुंज को अपना विदेशी प्रमुख बताया है। समूह का कहना है कि उसका काम RSS के बारे में गलतफहमियों को दूर करना है, जो राजनीतिक मंशा रखने वाले लोग फैलाते हैं। इसमें ऐसी जानकारी का जवाब देना या उसे ठीक करना शामिल है, जो गलत, अधूरी या संदर्भ से हटकर हो।

समूह का क्या है उद्देश्य?

  • समूह ने बताया कि उसका RSS के साथ कोई लिखित रोजगार या लॉबिंग अनुबंध नहीं है, जिसमें वेतन या काम के बदले वेतन या किसी अन्य लाभों का जिक्र हो।
  • इसने साथ ही कहा कि लिखित कॉन्ट्रैक्ट होने का मतलब यह नहीं है कि समूह और आरएसएस के बीच कोई संबंध, अनुरोध, तालमेल, निर्देश या अन्य वास्तविक जुड़ाव नहीं।
  • यह संगठन आम जनता, पत्रकारों, मीडिया संस्थानों, शोधकर्ताओं, शैक्षणिक और नीतिगत संस्थानों, सामुदायिक नेताओं, सिविल सोसायटी और जरूरत पड़ने पर सरकारी एजेंसियों का अधिकारियों से बातचीत कर सकता है।

मोहन भागवत के न्यूयॉर्क कार्यक्रम से पहले रजिस्ट्रेशन

समूह ने फॉरेन एजेंट्स रजिस्ट्रेशन एक्ट (FARA) के तहत 27 अगस्त को पंजीकरण कराया है। यह घटनाक्रम मैडिसन स्क्वायर में RSS प्रमुख मोहन भागवत के संबोधन के ठीक पहले हुआ था। मोहन भागवत ने 29 अगस्त को अपना संबोधन दिया था।

RSS और अमेरिका में लॉबिंग

RSS दावा करता रहा है कि वह अमेरिका में लॉबिंग नहीं करता है लेकिन नवम्बर 2025 में आई एक रिपोर्ट ने इस पर हंगामा खड़ा कर दिया था। न्यूज आउटलेट प्रिज्म ने उस समय बताया था कि एक लॉबिंग फर्म पैटन बोग्स को RSS के लिए हायर किया गया था। इसका काम अमेरिकी अधिकारियों से RSS को मिलवाना था। RSS ने रिपोर्ट को खारिज कर दिया और कहा कि उन्होंने में कोई लॉबी फर्म हायर नहीं की थी। स्क्वॉयर पैटन बोग्स ने कहा था कि उनका कॉन्ट्रैक्ट 30 सितम्बर 2025 को खत्म हो गया था।