दिल्ली-NCR में बूंदाबांदी के आसार, लेकिन पलूशन से राहत नहीं

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में अचानक मौसम बदल सकता है। IMD ने दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में बूंदाबांदी की संभावना जताई है। मौसम विभाग की मानें तो 24 अक्टूबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर पश्चिमी भारत के विभिन्न हिस्सों को प्रभावित कर सकता है। इतना ही नहीं दक्षिण बंगाल की खाड़ी पर बना कम दबाव का क्षेत्र 26 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। हालांकि दिल्ली-एनसीआर के मौसम पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ने की संभावना है।

बूंदाबांदी से राहत नहीं

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ अलग-अलग जगहों पर बूंदाबांदी की संभावना जताई है। हालांकि इससे पलूशन में बड़ी राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, 25 अक्टूबर तक हवा के ‘खराब’ श्रेणी में ही बने रहने की संभावना है।

कल कैसा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में शनिवार और रविवार को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है। दिल्ली में दोनों ही दिन सुबह और शाम को पलूशन की समस्या बरकरार रहने का भी अनुमान है। दोनों ही दिन मौसम शुष्क रहेगा।

आगे कैसा हाल?

26 और 29 अक्टूबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया जा सकता है। 27 और 28 अक्टूबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान के 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो कल से अगले 5 दिन दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना नहीं है।

पलूशन से राहत के नहीं हैं आसार

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली में सुबह के वक्त एक्यूआई 223 अंक रिकॉर्ड किया गया। यह ‘खराब’ श्रेणी में आता है। दिल्ली के 54 में से 29 निगरानी स्टेशनों में एक्यूआई खराब और एक पर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। आगे दिल्ली में 25 अक्टूबर तक एक्यूआई के ‘खराब’ श्रेणी में ही बने रहने की संभावना है। इसके बाद के अगले 6 दिनों के लिए भी संकेत मिलता है कि एक्यूआई ‘खराब’ श्रेणी में ही बनी रह सकती है।