नई दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में 51 नव विवाहित बेटियों को उनके पहले करवा चौथ पर एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक और करवा चौथ किट प्रदान की। इन सभी बेटियों का विवाह मार्च में लाडली फाउंडेशन की ओर से आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में हुआ था। मुख्यमंत्री ने बेटियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी और समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की। इस दौरान सीएम ने बेटियों और उनके परिवारों से बातचीत कर उनके अनुभव भी सुने और भरोसा दिलाया कि किसी भी परेशानी या कठिन परिस्थिति में वे घबराएं नहीं, बल्कि खुलकर अपनी बात रखें। मुख्यमंत्री ने कहा, दिल्ली की हर बेटी की बड़ी बहन के रूप में मैं उसके साथ खड़ी हूं। सीएम ने कहा कि बेटियों की आत्मनिर्भरता सर्वोपरि है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बेटियों को हर हाल में सहयोग का एहसास कराया जाएगा।
‘युवा संगम’ से मज़बूत होंगे राज्यों के रिश्ते: CM
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत ‘युवा संगम फेज-7’ में तमिलनाडु से आए 84 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से संवाद किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं और विकास यात्रा को समझने का अवसर देते हैं। मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, साहित्य, कला और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को दिल्ली की आधुनिक परिवहन व्यवस्था, मेट्रो नेटवर्क, इलेक्ट्रिक बसों और नई ईवी नीति को करीब से देखने के साथ ऐतिहासिक व सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करने के लिए आमंत्रित किया।