लैब टेस्ट में असुरक्षित मिला बिसलेरी का पानी
रवीन्द्र त्रिपाठी
नई दिल्ली। देश में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के भरोसेमंद ब्रांडों में शामिल बिसलेरी की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के परिसर से लिए गए पानी के नमूने को जांच में असुरक्षित घोषित करते हुए कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। FSSAI के मुताबिक, प्रयोगशाला की पहली जांच में पानी के नमूने में निर्धारित सीमा से अधिक ब्रोमेट (Bromate) पाया गया। इसके बाद इसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया। मामले में कंपनी की अपील के बाद नमूने को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। वहां दोबारा जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी सामने आई। दूसरी प्रयोगशाला ने भी नमूने को असुरक्षित करार दिया। दोनों जांचों के निष्कर्षों के आधार पर FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत अभियोजन चलाने की मंजूरी दे दी है।
उपभोक्ताओं के भरोसे पर सवाल
इस कार्रवाई के बाद पैकेज्ड पानी की गुणवत्ता और कंपनियों की निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, यह कार्रवाई कंपनी के परिसर से लिए गए एक नियामकीय नमूने की जांच पर आधारित है। इसे बिसलेरी के सभी उत्पादों या सभी बोतलों के असुरक्षित होने का प्रमाण नहीं माना जाना चाहिए। अभियोजन की मंजूरी का अर्थ दोषसिद्धि भी नहीं है।
प्रमुख तथ्य
पहली जांच में ब्रोमेट की निर्धारित सीमा का उल्लंघन।
अपील के बाद रेफरल लैब में PAHs की मौजूदगी।
दोनों जांचों में नमूना असुरक्षित घोषित।FSSAI ने मुकदमा चलाने की मंजूरी दी।
पाठकों की प्रतिक्रिया
प्रकाशित टिप्पणियां
अभी कोई प्रकाशित टिप्पणी नहीं है।